गेवरा खदान में कामकाज बाधित करने के आरोप में कांग्रेस नेताओं सहित 35 लोगों के खिलाफ एफ आईआर

कोरबा। एसईसीएल की गेवरा खदान में पीएनसी कंपनी से जुड़े मुद्दे को लेकर कामकाज बाधित करने के मामले में दीपका पुलिस ने कांग्रेस नेताओं सहित 35 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, जिला पंचायत कोरबा के पूर्व उपाध्यक्ष अजय जायसवाल सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में श्रमिकों ने खदान में कई घंटे तक काम बंद करा दिया। इससे खदान का कामकाज और उत्पादन प्रभावित होने की बात सामने आई है।

बताया गया कि पीएनसी कंपनी से जुड़े मुद्दों को लेकर खदान में विरोध प्रदर्शन के दौरान कामकाज ठप रहा। इस बीच एसईसीएल और पीएनसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा संबंधित पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। हालांकि, इस घटनाक्रम से कंपनी को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन सामने नहीं आया है।

सुरक्षा अधिकारी ने दर्ज कराई शिकायत
एसईसीएल के सुरक्षा अधिकारी घनाराम सूर्यवंशी ने दीपका पुलिस को लिखित आवेदन देकर खदान में अनधिकृत प्रवेश, हंगामा करने और कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जायसवाल, युवा कांग्रेस नेता कमलेश कुमार प्रजापति, कोरबा सांसद प्रतिनिधि सेत मसीह, बांकीमोंगरा नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास सहित कुल 35 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 329(2), 127(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

एफआईआर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।