इंटर स्कूल किकबॉक्सिंग में डीडीएम स्कूल का दबदबा, 59 पदकों के साथ बना चैंपियन

25 विद्यालयों के 166 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल दूसरे और अग्रसेन पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर

कोरबा। खेल प्रतिभाओं को मंच देने और विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इंटर स्कूल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में जिले के 25 विद्यालयों के 166 खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

24 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न वजन वर्गों में दमखम दिखाया। पदक तालिका में डीडीएम स्कूल ने 59 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल 26 पदकों के साथ दूसरे और अग्रसेन पब्लिक स्कूल 16 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि किकबॉक्सिंग केवल खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन से मान्यता प्राप्त किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में कोरबा जिला किकबॉक्सिंग एसोसिएशन और सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें चिल्ड्रन, कैडेट और जूनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में पॉइंट फाइटिंग, किक लाइट और म्यूजिकल फॉर्म्स विधाओं के मुकाबले आयोजित किए गए। खिलाड़ियों के साथ करीब 40 कोच, मैनेजर और ऑफिशियल्स भी उपस्थित रहे।

डीडीएम स्कूल ने जीते सर्वाधिक पदक
प्रतियोगिता में डीडीएम स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 स्वर्ण, 23 रजत और 16 कांस्य पदक सहित कुल 59 पदक अपने नाम किए। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल के खिलाड़ियों ने 16 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 26 पदक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, अग्रसेन पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने 11 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 16 पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया।

मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महापौर संजू देवी राजपूत अति विशिष्ट अतिथि तथा एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश मिश्रा और वैभव शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।मंत्री देवांगन ने खिलाड़ियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में किकबॉक्सिंग खेल के साथ-साथ आत्मरक्षा के लिए भी बेहद उपयोगी है।

उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों सहित सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय रेफरी प्रभात साहू और मयंक डडसेना सहित वरिष्ठ खिलाड़ी एवं रेफरी अंकुश लाल यादव, शुभम यादव, जुनैद आलम, रितेश साहा, सोमेश साहू, सुयश नामदेव और जगदीश यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। लोकिता चौहान अभिलेख प्रभारी के रूप में उपस्थित रहीं। विभिन्न विद्यालयों के व्यायाम शिक्षक सुमित सिंह, संदीप मंडल, यश शर्मा, प्रेरणा मुनि और शुभम महापात्र सहित अन्य शिक्षक भी प्रतियोगिता में शामिल हुए।

आयोजन के लिए किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगनलाल मूंदड़ा, संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा,महासचिव आकाश गुरुदीवान,जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नौशाद खान,सचिव सुरेश क्रिस्टोफर,जिला खेल अधिकारीदिनु पटेल, रामकृपाल साहू, कोरबा जिला किकबॉक्सिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी की संचालिका प्रीती मिश्रा, शैलेश सिंह सोमवंशी, विकास नामदेव और स्नेहा सिदार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।