स्कूल का अहाता नहीं बना, सामुदायिक भवन भी अधूरा; सरपंच-सचिवों से 10 लाख की वसूली की तैयारी

कोरबा। सरकारी निर्माण कार्यों के लिए लाखों रुपये की अग्रिम राशि जारी होने के बावजूद कहीं स्कूल का अहाता बनना शुरू नहीं हुआ, तो कहीं सामुदायिक भवन अधूरा पड़ा है। करतला जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत मदवानी चारमार और करतला में सामने आई इन अनियमितताओं पर अब संबंधित सरपंच-सचिवों से कुल 10 लाख रुपये की वसूली की कार्रवाई प्रस्तावित है।

जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने पंचायत राज अधिनियम, 1993 की धारा 92 के तहत कार्रवाई और अग्रिम राशि की वसूली के लिए कोरबा एसडीएम को प्रतिवेदन भेजा है।

दोनों मामलों में संबंधित सरपंच-सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद न तो निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति हुई और न ही संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया गया। अब आगे की कार्रवाई के लिए एसडीएम के निर्णय का इंतजार है।

छह लाख रुपये जारी, स्कूल के अहाते का काम शुरू नहीं
ग्राम पंचायत मदवानी चारमार के माध्यमिक शाला चारमार मदवानी में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 15 लाख रुपये की लागत से अहाता निर्माण की स्वीकृति 7 अक्टूबर 2024 को दी गई थी। इसके लिए ग्राम पंचायत को छह लाख रुपये अग्रिम जारी किए गए, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।

इस मामले में जनपद पंचायत करतला की ओर से सरपंच पद्मावती राठिया और सचिव देवसिंह राठिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके बावजूद न तो जवाब दिया गया और न ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया। अंतिम नोटिस के बाद भी स्थिति में बदलाव नहीं होने पर जनपद सीईओ ने छह लाख रुपये की वसूली और नियमानुसार कार्रवाई के लिए एसडीएम को प्रतिवेदन भेज दिया।

चार लाख की अग्रिम राशि के बाद भी अधूरा सामुदायिक भवन
ग्राम पंचायत करतला में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान यादव समाज के लिए 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण स्वीकृत किया गया था। इसके लिए चार लाख रुपये अग्रिम दिए गए, लेकिन भवन का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है।

निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठकों में सरपंच फूलबाई राठिया और सचिव किशोर कुमार राठिया ने तीन महीने के भीतर काम पूरा कराने की बात कही थी। इसके बावजूद निर्माण अधूरा रहने से यादव समाज को भवन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जनपद पंचायत की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद भी कार्य की प्रगति के संबंध में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद चार लाख रुपये की वसूली और पंचायत राज अधिनियम की धारा 92 के तहत कार्रवाई के लिए एसडीएम को प्रतिवेदन भेजा गया है।

आप नेता की शिकायत के बाद हुई जांच
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री जगलाल राठिया ने दोनों ग्राम पंचायतों में स्वीकृत निर्माण कार्य शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्माण कार्य शुरू कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत के बाद जनपद पंचायत करतला ने दोनों निर्माण कार्यों की प्रगति और खर्च की समीक्षा की। संबंधित सरपंच-सचिवों को नोटिस जारी किए गए, लेकिन जवाब नहीं मिलने और कार्यों में प्रगति नहीं होने के बाद वसूली के लिए प्रतिवेदन भेजा गया।

अब एसडीएम के निर्णय पर नजर
दोनों पंचायतों में कुल 10 लाख रुपये की अग्रिम राशि जारी होने के बावजूद स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित स्थिति तक नहीं पहुंच पाए हैं। जनपद पंचायत ने राशि की वसूली और आगे की कार्रवाई के लिए अपना प्रतिवेदन एसडीएम को भेज दिया है। अब संबंधित सरपंच-सचिवों से वसूली तथा नियमानुसार कार्रवाई पर प्रशासन के निर्णय का इंतजार है।