कोरबा। शहर के दादर क्षेत्र में एक घर के भीतर एक साथ दो अहिराज सांप दिखाई देने से परिवार के लोग घबरा गए। घटना की सूचना वन विभाग और वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर को दी गई। मौके पर पहुंचे रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी ने निरीक्षण के बाद पाया कि दोनों सांप प्रजनन अवस्था में हैं। ऐसे में उन्हें जबरन अलग करने के बजाय उनके स्वाभाविक रूप से अलग होने का इंतजार किया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों सांप अलग हुए, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे घर में दो अहिराज सांपों को एक साथ देखकर परिवार के सदस्यों ने मदद के लिए संपर्क किया। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे। स्थिति का आकलन करने के बाद उन्होंने परिवार को समझाया कि सांपों को जबरन अलग करना उचित नहीं होगा। इसके बाद सावधानी बरतते हुए दोनों के प्राकृतिक रूप से अलग होने का इंतजार किया गया।
करीब डेढ़ घंटे बाद नर और मादा सांप स्वतः अलग हो गए। इसके बाद जितेंद्र सारथी ने दोनों का एक-एक कर सुरक्षित रेस्क्यू किया। वन विभाग के उच्च अधिकारियों को जानकारी देने के बाद दोनों सांपों को उनके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
अत्यंत विषैला होता है अहिराज सांप
जितेंद्र सारथी ने बताया कि अहिराज सांप को अंग्रेजी में Banded Krait कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम Bungarus fasciatus है। इसकी चमकदार काली-पीली धारियां इसे अलग पहचान देती हैं। यह अत्यंत विषैला और मुख्यतः रात्रिचर सांप है, जो सामान्यतः मनुष्यों से दूरी बनाए रखता है। प्रजनन के दौरान ऐसे दृश्य कम देखने को मिलते हैं, इसलिए इस घटना में धैर्य और सावधानी बरतना जरूरी था।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने अथवा खुद पकड़ने का प्रयास न करें। इसकी सूचना वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को दें। सही समय पर विशेषज्ञों की मदद लेने से मनुष्यों और वन्यजीवों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
सर्प रेस्क्यू के लिए संपर्क: वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम, नोवा नेचर मोबाइल: 8817534455, 7999622151
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















