72 घंटे की तलाश के बाद मिला लापता आरक्षक का शव,पुलिस परिवार में शोक

कोरबा। मोरगा चौकी क्षेत्र के ग्राम केंदई स्थित पुल से लापता हुए आरक्षक सुनील बेक का शव करीब 72 घंटे की तलाश के बाद बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की गोताखोर टीम ने लगातार खोजबीन के बाद शव निकाला।

आरक्षक सुनील बेक सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना अंतर्गत तारापुर चौकी में पदस्थ थे। घटना से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्रक्रिया पूरी होने पर परिजनों को सौंप दिया।

पुल पर मिली थी बाइक, पास में पड़े थे दस्तावेज
जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को केंदई पुल पर आरक्षक की बाइक खड़ी मिली थी। बाइक के पास ही उनका मोबाइल फोन, पर्स, पुलिस पहचान पत्र और आधार कार्ड भी बरामद हुए थे। मौके पर बाइक और निजी दस्तावेज मिलने के बाद उनके नदी में गिरने की आशंका जताई गई थी।

सूचना मिलने पर मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों से बाइक की पहचान आरक्षक सुनील बेक से संबंधित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद नदी में उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया।

तीन दिन तक चला तलाश अभियान
आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 72 घंटे की खोजबीन के बाद उनका शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। आरक्षक के नदी में गिरने की परिस्थितियों को लेकर जांच की जा रही है।