रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कलेक्टर को लिखा पत्र, तहसीलवार सर्वे कराकर फसल क्षति का आकलन करने का किया आग्रह
कोरबा।जिले में मानसून के दौरान कम बारिश से कृषि पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कोरबा को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है।
उन्होंने 25 अक्टूबर को कलेक्टर को पत्र लिखकर राजस्व विभाग के माध्यम से तहसीलवार सर्वे कराने और अल्पवर्षा से प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने का आग्रह किया है।
विधायक ने पत्र में कहा है कि इस वर्ष जिले में मानसून के दौरान अपेक्षाकृत कम बारिश हुई है। सिंचाई के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को धान की फसल बचाने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में अल्पवर्षा के प्रभाव और फसलों की स्थिति का आकलन कर प्रभावित किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
तहसीलवार सर्वे कराने की मांग
फूलसिंह राठिया ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि राजस्व विभाग के माध्यम से जिले की सभी तहसीलों में सर्वे कराया जाए। इससे कम बारिश से प्रभावित क्षेत्रों और फसलों को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी। उन्होंने सर्वे के निष्कर्षों के आधार पर कोरबा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
अब जिला प्रशासन की ओर से इस मांग पर क्या कदम उठाए जाते हैं, यह देखना होगा। तहसीलवार सर्वे और सूखे की स्थिति के आधिकारिक आकलन के बाद ही प्रभावित क्षेत्रों और किसानों को संभावित राहत के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















