कलेक्टर और एसपी ने पुलिस-स्वास्थ्य विभाग की बैठक में दिए निर्देश, एमएलसी व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लंबित मामलों का समय-सीमा में होगा निराकरण
कोरबा।पोस्टमार्टम और मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) से जुड़ी रिपोर्ट की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए अब मेडलेपार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि, अपलोडिंग और सत्यापन पर जोर दिया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि मेडलेपार भारत सरकार के नए कानूनों के क्रियान्वयन से जुड़ा महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से मेडिको-लीगल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रक्रिया को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाया जा रहा है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन सहित सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस के माध्यम से पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रविष्टि मेडलेपार पोर्टल पर समय पर सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने एमएलसी प्रकरणों में भी अनावश्यक देरी नहीं होने देने और पोर्टल पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने को कहा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए, ताकि पुलिस की विवेचना और न्यायालयीन प्रक्रिया प्रभावित न हो।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव सहित पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















