सर्वमंगला घाट में आज होगी हसदेव नदी की महाआरती

नमामि हसदेव सेवा समिति का आयोजन, नदी और प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

कोरबा। नमामि हसदेव सेवा समिति की ओर से 26 अक्टूबर को शाम 5 बजे मां सर्वमंगला मंदिर स्थित हसदेव नदी घाट पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। समिति की ओर से प्रत्येक माह पूर्णिमा के अवसर पर महाआरती की परंपरा के तहत यह आयोजन किया जा रहा है।

समिति का उद्देश्य हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों और अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने, उनके संरक्षण तथा नदी तटों के सौंदर्यीकरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। महाआरती के माध्यम से जलस्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।

आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में नूतन सिंह ठाकुर, श्रीमती भानुमती जायसवाल,सुनील यादव, डॉ. संजय वैष्णव और श्रीमती मथुरा चन्द्रा उपस्थित रहेंगे।

समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से महाआरती में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।