चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत,डीजे ने बैठक ली

कोरबा। चेक बाउंस से संबंधित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए कोरबा जिले में 21 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 12 दिसंबर 2026 को होने वाली नेशनल लोक अदालत में भी अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण की तैयारी की जा रही है।

इस संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष नीता यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में व्यवहार न्यायालय कटघोरा और करतला के न्यायाधीश शामिल हुए।

बैठक में विशेष लोक अदालत और नेशनल लोक अदालत के लिए अधिक से अधिक उपयुक्त प्रकरणों को चिह्नित करने तथा उनके निराकरण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

पक्षकारों को नोटिस भेजने की तैयारी
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा मयुरा गुप्ता ने बताया कि न्यायालयों में लंबित मामलों के आधार पर संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजने सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इस संबंध में संबंधित विभागों को पत्राचार भी किया जा चुका है, ताकि लोक अदालत के दौरान अधिक से अधिक मामलों का निराकरण संभव हो सके।

बैंक और फाइनेंस कंपनियों के साथ होगी बैठक
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डिम्पल ने बताया कि विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैंक एवं फाइनेंस कंपनियों के अधिकारियों तथा अधिवक्ताओं के साथ दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी।इसका उद्देश्य चेक बाउंस से जुड़े मामलों में पक्षकारों के बीच समझौते की संभावनाओं को बढ़ाना और लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण करना है।