कोरबा। कोरबा शहर की प्रमुख सड़कों के डामरीकरण का काम शुरू हो गया है। नगर निगम क्षेत्र के 20 प्रमुख मार्गों के लिए 24 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
शनिवार को उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रयासों से स्वीकृत इन कार्यों का भूमिपूजन 19 अक्टूबर को कोसाबाड़ी चौक पर किया गया था। इसके बाद शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर डामरीकरण का काम प्रारंभ हुआ। शेष स्वीकृत मार्गों पर भी कार्य कराए जाने की योजना है।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर
निरीक्षण के दौरान मंत्री देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि सभी स्वीकृत सड़कों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन के लिए बेहतर सड़कें मिल सकें। साथ ही निर्माण कार्य व्यवस्थित ढंग से कराने और काम के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने पर भी जोर दिया।
आवागमन में मिलेगी सुविधा
शहर के प्रमुख मार्गों के डामरीकरण से सड़कों की स्थिति में सुधार होने और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इन कार्यों को शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, प्रभारी कार्यपालन अभियंता रुचि वर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, चंद्रलोक सिंह, मुकुंद कंवर, प्रफुल्ल तिवारी और योगेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















