विश्वेश्वरैया कॉलेज की बास्केटबॉल टीम राज्य स्तरीय स्पर्धा में लेगी हिस्सा

कोरबा।टीपी नगर स्थित इंदिरा स्टेडियम में शनिवार को आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शासकीय ईविपीजी महाविद्यालय की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। स्वर्गीय प्यारेलाल कंवर शासकीय महाविद्यालय, भैसमा की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ईविपीजी महाविद्यालय की छात्रा आयुषी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया।

कमला नेहरू महाविद्यालय के आयोजन में हुई इस प्रतियोगिता में तीन महाविद्यालयों की महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के बाद चयनित 14 खिलाड़ियों की टीम अब राज्य स्तरीय स्पर्धा में भाग लेगी। टीम मैनेजर गौरी वानखेड़े और प्रशिक्षक मनोज श्रीवास के नेतृत्व में खिलाड़ी भाटापारा स्थित गजानंद अग्रवाल शासकीय पीजी महाविद्यालय में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। टीम सोमवार को भाटापारा के लिए रवाना होगी।

राज्य स्तरीय स्पर्धा से पहले प्रशिक्षण शिविर

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को रविवार को इंदिरा स्टेडियम में आयोजित एकदिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होना होगा। शिविर में खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए तैयार किया जाएगा।

प्रतियोगिता के उद्घाटन एवं पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता कमला नेहरू महाविद्यालय के भूगोल विभागाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने की।

इस अवसर पर खेल प्रभारी एवं बास्केटबॉल चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. बीएस राव, टूर्नामेंट पर्यवेक्षक तथा श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय की खेल प्रभारी गौरी वानखेड़े, रवीन्द्र ध्रुव और अनिमा तिर्की उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका हर्ष साहू और अनिमेश पाठक ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में पर्यवेक्षक गौरी वानखेड़े को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।