कोरबा। जिले में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में आगामी त्योहारों, धान खरीदी सीजन, यातायात व्यवस्था,औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं और कानून- व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने और संभावित समस्याओं का समय रहते निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर दुदावत ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में ऐसी समस्याओं को समय रहते चिह्नित किया जाए, जिनसे लोक शांति प्रभावित होने की आशंका हो। सामाजिक विवादों का शासन के नियमों के अनुरूप निराकरण किया जाए, ताकि छोटी घटनाएं गंभीर रूप न लें। उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं बरतने और प्रत्येक घटना पर परिस्थितियों के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई पर जोर
कलेक्टर ने धार्मिक विषयों से जुड़े घटनाक्रमों और अन्य संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने असामाजिक एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों और महत्वपूर्ण बिंदुओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय परिस्थितियों की नियमित समीक्षा करें और आवश्यक कदम उठाएं।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी निगरानी
बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली पोस्ट और अन्य सामग्री की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि भ्रामक सामग्री या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। त्योहारों और धान खरीदी के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अमला आपसी समन्वय के साथ काम करे, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव सहित राजस्व, पुलिस और सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी तहसीलदार और थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















