एसी आउटडोर चोरी मामले में कोरबा पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

हुंडई शोरूम से चोरी कर आउटडोर बेचने वाले गिरोह का खुलासा, चोरी का सामान, नकदी और मोबाइल जब्त

कोरबा।एसी का आउटडोर चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए आउटडोर को अलग-अलग लोगों को बेचा गया था। मामले में पुलिस ने चोरी का एसी आउटडोर, नकद रकम और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भदरापारा बालको नगर निवासी प्रमोद कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर 2026 को हुंडई शोरूम पहुंचने पर सामने लगा एसी का आउटडोर गायब मिला। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 877/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आया खरीदी-बिक्री का मामला
विवेचना के दौरान पुलिस ने गुड्डू बरेठ से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने एसी का आउटडोर चोरी कर कृष्णा बसोड़ को बेचने की बात स्वीकार की। पूछताछ में कृष्णा बसोड़ ने बताया कि उसने उक्त सामान सैफ खान उर्फ सोनू खान को बेचा था। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान, नकदी और मोबाइल फोन जब्त किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गुड्डू बरेठ (23), पिता स्वर्गीय फिरतु बरेठ, निवासी शीतला मंदिर के पास मोतीसागरपारा; कृष्णा बसोड़ (22), पिता नारायण बसोड़, निवासी बसोड़ मोहल्ला इमलीडुग्गू; और सैफ खान उर्फ सोनू खान (22), पिता इफ्तिखार आलम, निवासी गौमाता चौक इमलीडुग्गू, कोरबा शामिल हैं। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।