पीएम आवास के अधूरे निर्माण जल्द पूरे करने के निर्देश, स्कूल में बच्चों से पूछे गिनती और पहाड़े
कोरबा। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रतीक जैन ने कोरबा विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम जनमन आवास, विकसित भारत-जी राम जी और बालिका शौचालय निर्माण सहित विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा स्वीकृत आवासों का निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
अधूरे आवासों को जल्द पूरा करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान सीईओ प्रतीक जैन ग्राम पंचायत सोनपुरी के आश्रित ग्राम सरायपाली पहुंचे। यहां उन्होंने विकसित भारत-जी राम जी के तहत संचालित निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद ग्राम पंचायत अजगरबहार में पीएम जनमन आवास योजना के अंतर्गत अधूरे आवासों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने हितग्राहियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम पंचायत माखुरपानी में पीएम जनमन आवास योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम पंचायत गढ़ उपरोड़ा में विकसित भारत-जी राम जी के तहत निर्मित डबरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के परिवारों से संवाद कर उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया।
सरपंच-सचिव को निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश
सीईओ ने ग्राम पंचायत गढ़ उपरोड़ा में पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश सरपंच एवं सचिव को दिए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत देवपहरी और उसके आश्रित ग्राम तीतरडांड में पीएम जनमन आवास तथा बालिका शौचालय निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
स्कूल में बच्चों से पूछे सवाल, पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
दौरे के दौरान सीईओ प्रतीक जैन ने सरायपाली-अजगरबहार प्राथमिक शाला का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से गिनती, जोड़-घटाव और पहाड़े पूछकर उनकी शैक्षणिक जानकारी परखी। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा उन्होंने स्कूल एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आवास निर्माण से लेकर अन्य विकास कार्यों को समय पर पूरा करने और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए गंभीरता से काम करने को कहा।
इस दौरान संयुक्त कलेक्टर तरुण कुमार किरण, अनुविभागीय अधिकारी आदित्य दुबे,कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक निखिल गुप्ता सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















