सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने भाषण और चित्रों से रखे विकसित भारत के विचार
कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन एनसीडीसी स्वामी आत्मानंद विद्यालय परिसर में किया गया। ग्राम एवं स्कूल स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय आयोजन में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष तक जनसेवा की है। उनके नेतृत्व में गरीब कल्याण और देश के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला खनिज न्यास के माध्यम से कोरबा जिले में शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों की प्रतिभा और क्षमता को निखारने के लिए ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने विकसित भारत और महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार रखे। कक्षा चौथी के विद्यार्थी सहित तीन बच्चों की प्रस्तुतियां विशेष रूप से उल्लेखनीय रहीं। उन्होंने कहा कि भाषण, चित्रकला और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर देती हैं।
कलेक्टर ने जिले में विद्यार्थियों के लिए संचालित शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मध्यान्ह भोजन के साथ विद्यार्थियों को नाश्ता भी दिया जा रहा है। वहीं, दसवीं कक्षा के बाद आईआईटी-जेईई और नीट की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए जिला स्तर पर दो वर्ष की कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत का सपना देखा है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा सामने रखने का मंच मिल रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने प्रतियोगिताओं के आयोजन और विद्यार्थियों की सहभागिता की जानकारी दी।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, पार्षद नरेंद्र देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, प्रीति स्वर्णकार, नरेंद्र पटनवार, प्राचार्य अल्का फिलिप्स सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















