OTP से डिजिटल अरेस्ट तक… साइबर चौपाल में ठगी से बचने के बताए तरीके

कोरबा।साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को डिजिटल ठगी के तौर-तरीकों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए नगर निगम कोरबा के सभागृह में बुधवार को ‘साइबर चौपाल’ का आयोजन किया गया।

साइबर जागृति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में आमजन, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और आमजन मौजूद रहे।

OTP, QR कोड और फर्जी APK से रहें सावधान
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों की जानकारी देते हुए OTP फ्रॉड, अनजान लिंक, फर्जी APK, QR कोड, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान अथवा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अज्ञात स्रोत से मोबाइल एप डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।

कलेक्टर कुणाल दुदावत और जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने ग्रामीण क्षेत्रों तक साइबर जागरूकता पहुंचाने तथा डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने पर जोर दिया।

साइबर सुरक्षा की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए ‘मैं साइबर जागरूक हूं’ सेल्फी बोर्ड के माध्यम से भी लोगों को साइबर अपराध के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त से चल रहे साइबर जागृति अभियान के तहत जिले के स्कूल-कॉलेज, बाजार, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

साइबर ठगी की स्थिति में लोगों से तत्काल 1930 पर संपर्क करने और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।