दीपका में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, ₹62 हजार का जुर्माना

कटघोरा रोड से बजरंग चौक तक चला विशेष अभियान, यातायात में बाधा बने अतिक्रमण हटाए

कोरबा।दीपका शहर में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। कटघोरा रोड से बजरंग चौक तक चलाए गए अभियान में सार्वजनिक मार्ग और यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 62 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण और यातायात में व्यवधान पैदा करने वाली व्यवस्थाओं को हटाया गया। पालिका की कार्रवाई से सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।

कार्रवाई में तहसीलदार दीपका अमित केरकेट्टा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, थाना प्रभारी डीएन तिवारी, उप अभियंता, राजस्व प्रभारी सहित नगर पालिका के कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासनिक एवं पुलिस अमले की मौजूदगी में अभियान को अंजाम दिया गया।

पालिका प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।