प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना से बदली मोहम्मद यासिन की राह

कोरबा। स्वरोजगार को बढ़ावा देने और छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) कोरबा के वार्ड क्रमांक 16, बजरंग चौक निवासी मोहम्मद यासिन शेख के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बनी है। योजना के सहयोग से उन्होंने आटा चक्की एवं हॉलर मिल का व्यवसाय शुरू किया और अब इससे नियमित आय अर्जित कर अपने परिवार को आर्थिक मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

यासिन बताते हैं कि योजना का लाभ मिलने से पहले परिवार का जीवन-यापन तो हो रहा था, लेकिन आय का कोई निश्चित साधन नहीं था। वे अपना छोटा व्यवसाय शुरू करना चाहते थे, लेकिन एकमुश्त राशि की व्यवस्था नहीं होने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। बैंक ऋण और ब्याज की चिंता भी उनके लिए बड़ी बाधा थी।

इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की जानकारी मिली। उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से योजना की जानकारी प्राप्त की। ऋण पर मिलने वाली सब्सिडी, किफायती ब्याज दर और किश्तों में भुगतान की सुविधा से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ योजना के तहत आवेदन किया।

2.90 लाख का ऋण, 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ
यासिन को बैंक ऑफ इंडिया से 2.90 लाख रुपये का ऋण आटा चक्की एवं हॉलर मिल व्यवसाय के लिए स्वीकृत हुआ। योजना के तहत उन्हें 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिला, जिससे एक लाख रुपये से अधिक की राहत मिली। शेष ऋण राशि का भुगतान वे बैंक की निर्धारित किश्तों के माध्यम से कर रहे हैं।

हर माह 20 से 25 हजार रुपये की आय
व्यवसाय शुरू होने के बाद आसपास के मोहल्लों के साथ अन्य क्षेत्रों से भी लोग धान, गेहूं और अन्य खाद्यान्न पिसाने के लिए उनकी आटा चक्की पर पहुंच रहे हैं। यासिन के अनुसार, अब उनके व्यवसाय से हर माह करीब 20 से 25 हजार रुपये की आय हो रही है।

नियमित ग्राहकों के कारण कारोबार में निरंतरता बनी हुई है। इससे परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में पहले की तुलना में आसानी हो रही है। यासिन का कहना है कि स्वरोजगार के इस अवसर ने उनके परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ भविष्य के लिए आगे बढ़ने का विश्वास भी दिया है।

यासिन ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से मिल रहे सहयोग के साथ वे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।