कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गए दंपती के साथ शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मछली पकड़ने के दौरान पति अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पत्नी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण सफल नहीं हो सकी। देखते ही देखते पति पानी में समा गया। नगर सेना की डीआरडीएफ टीम ने रविवार सुबह रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कुदुरमाल के परसाभवना निवासी धरम धनुहार (40) शनिवार सुबह अपनी पत्नी के साथ कुदुरमाल एनिकट पहुंचा था। दोनों वहां मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान धरम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पति को डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के चलते वह उसे बाहर नहीं निकाल सकी।

घटना से घबराई पत्नी किसी तरह गांव पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उरगा पुलिस को सूचना दी।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नगर सेना की डीआरडीएफ टीम को भी सूचना दी गई।

शनिवार देर शाम तक चला रेस्क्यू
डीआरडीएफ की टीम ने एनिकट में तलाश अभियान शुरू किया। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं। टीम ने शनिवार देर शाम तक तलाश की, लेकिन धरम का पता नहीं चल सका।

रविवार सुबह टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद धरम धनुहार का शव पानी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।