कॉलेज में छात्रों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

एनएसएस के अभिमुखीकरण कार्यक्रम में दिलाई नशा विरोधी शपथ, युवाओं को समाज में जागरूकता की जिम्मेदारी

कोरबा। शासकीय महाविद्यालय करतला की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा अभिमुखीकरण कार्यक्रम के साथ नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशे से बचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला संगठक प्रो. वाईके तिवारी रहे। अध्यक्षता प्राचार्य मृगेश कुमार यादव ने की। विशिष्ट अतिथि डॉ. विजय शर्मा, डॉ. संजय कुमार यादव और कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रभा शंकर यादव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी और स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

प्राचार्य मृगेश कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच है। इससे स्वयंसेवकों में सेवा, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।

मुख्य वक्ता प्रो. वाईके तिवारी ने एनएसएस के इतिहास, उद्देश्य, लक्ष्य, आदर्श वाक्य ‘मैं नहीं बल्कि तू’ और नियमित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सक्रिय सहभागिता से ही स्वयंसेवक एनएसएस की वास्तविक भावना को समझ सकते हैं। उन्होंने सात दिवसीय विशेष शिविर, ग्रामीण समस्याओं की समझ और एनएसएस प्रमाण पत्रों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

इसके बाद प्रो. तिवारी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई और युवाओं से स्वयं के साथ परिवार, मित्रों एवं समाज को नशे से बचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन रूपेश कुमार राठिया ने किया।

आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रभा शंकर यादव ने किया।