गणेश-दुर्गा जुलूस में नशेबाजों पर कार्रवाई की मांग

हिंदू नारायणी सेना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, आयोजनों की व्यवस्था और पर्व की गरिमा बनाए रखने पर जोर

कोरबा। गणेश और दुर्गा पूजा आयोजनों में बेहतर व्यवस्था और पर्व की गरिमा बनाए रखने की मांग को लेकर हिंदू नारायणी सेना ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने जुलूस के दौरान नशे की हालत में शामिल होने वालों पर पुलिस कार्रवाई की मांग की है।

हिंदू नारायणी सेना प्रमुख अरविंद अग्रवाल के नेतृत्व में सदस्यों ने ज्ञापन सौंपकर कहा कि पूजा समितियों के आयोजनों में ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे धार्मिक पर्व शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें। संगठन ने धार्मिक प्रतीकों के साथ सड़क पर अशोभनीय तरीके से डांस किए जाने पर भी आपत्ति जताई।

सेना ने जुलूस के दौरान नशे में शामिल होने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की प्रभावी निगरानी से आयोजनों की व्यवस्था बेहतर होगी और पर्व की गरिमा भी बनी रहेगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में पंडित शास्त्री महाराज, पंडित आनंद तिवारी, करुणा निधि, श्याम सारथी, तरुण मिश्रा, राम साहू, संदीप श्रीवास, भरत यादव, राजेश महंत, संजू अग्रवाल, मनोज केसरवानी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।