अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस
कोरबा। शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रधानमंत्री एकलव्य आवासीय विद्यालय, छुरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे वन-टू-वन संवाद किया और पढ़ाई के साथ जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन, दृढ़ निश्चय और एकाग्रता को जरूरी बताया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए और उसे पाने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा अपना अधिक से अधिक समय पढ़ाई और ज्ञानवर्धक गतिविधियों में लगाने की सलाह दी।
विद्यार्थियों से जानी विद्यालय की व्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवास और पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने पानी की समस्या से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने बताया कि विद्यालय में नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है और जल्द ही पेयजल की समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
उन्होंने विद्यार्थियों की अन्य समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आठ शिक्षक मिले अनुपस्थित, नोटिस के निर्देश
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान आठ शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। शिक्षकों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्रीकांत कसेर को संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नीट-जेईई कोचिंग की दी जानकारी
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सहायता की जानकारी भी दी। उन्होंने नीट एवं जेईई की आवासीय कोचिंग तथा उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को मिलने वाली सहायता योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर सहित विद्यालय के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















