कोरबा। जिले के दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम लिटियाखार में शुक्रवार शाम रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज गति से दौड़ रही मोटरसाइकिल मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो नाबालिग किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों बिना हेलमेट बाइक पर सवार थे। भीषण टक्कर में दोनों के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार करण चौहान (16) पिता बृजलाल मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि राजा नेटी (14) पिता कैलाश पीछे बैठा था। दोनों बाइक से लिटियाखार की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ पर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अचानक बेकाबू हो गई। चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और मोटरसाइकिल सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों किशोरों की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल दीपका पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बिना हेलमेट होने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ने के बाद पेड़ से जा टकराई।
एक हादसा और दो परिवारों में मातम
देर रात होने के कारण दोनों शवों को अस्पताल के मोर्चरी कक्ष में रखवाया गया। शनिवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
दो नाबालिगों की मौत की खबर मिलते ही लिटियाखार में मातम पसर गया। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों के हाथों में वाहन देने और तेज रफ्तार के खतरे को सामने ला दिया है।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें। साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और निर्धारित गति सीमा सहित सभी यातायात नियमों का पालन करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















