श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर सजेगी भव्य झांकियां, रात 12 बजे होगा जन्मोत्सव; भजन-कीर्तन और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी
कोरबा। सप्तदेव मंदिर में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का 33वां उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
सप्तदेव मंदिर मेमोरियल ट्रस्ट के मुख्य न्यासी अशोक मोदी ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। इनमें श्रीकृष्ण अवतरण, वसुदेव द्वारा नवजात कृष्ण को यमुना पार कराना, बकासुर वध, कालिया नाग मर्दन और गोवर्धन पर्वत धारण जैसे प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा नशामुक्ति अभियान पर आधारित झांकी भी प्रदर्शित की जाएगी।
शाम 4 बजे से रात 1 बजे तक होंगे झांकियों के दर्शन
श्रद्धालु इन आकर्षक झांकियों का दर्शन शाम 4 बजे से रात 1 बजे तक कर सकेंगे। जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों के भी मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने का कार्यक्रम है।
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, नरेंद्र देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। महापौर संजू सिंह राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर एवं निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने भी आयोजन में उपस्थित रहने का भरोसा दिलाया है।
बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं, भजन-कीर्तन बनेगा आकर्षण
जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर 3 सितंबर को दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसी दौरान 10 वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए ‘श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता’ भी रखी गई है।
शाम 5 बजे विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद शाम 8 से रात 11 बजे तक शुभम गोयल द्वारा कृष्ण भजन एवं कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी।
आधी रात को होगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
जन्माष्टमी उत्सव का मुख्य आकर्षण रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव रहेगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साक्षी बनेंगे और भक्ति एवं उल्लास के साथ जन्मोत्सव मनाएंगे। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















