कोरबा। जिले के जवाली क्षेत्र में कमरछठ (हलषष्ठी) पर्व श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। माताओं ने संतान की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना करते हुए विधि-विधान से पूजा- अर्चना की। इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से कमरछठ की कथा सुनी और पर्व की पारंपरिक रस्में पूरी कीं।
प्रातः 10 बजे के बाद समूहवार पूजा-अर्चना शुरू हुई। महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कर संबंधित नैवेद्य अर्पित किया। पूजा के पश्चात कमरछठ की कथा का श्रवण किया गया। कथा पूर्ण होने के बाद महिलाओं ने अपनी पीठ पर सात-सात बार ठप्पा लगाकर पर्व की प्रमुख परंपरा निभाई और संतान की सुख-शांति एवं परिवार की समृद्धि की कामना की।
सामूहिक आरती में शामिल हुईं महिलाएं
जवाली में गौतम गुड्डू रामसनेही महाराज के निवास पर उनकी माता के मार्गदर्शन में कमरछठ की कथा एवं सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में माताओं एवं श्रद्धालुओं ने एकजुट होकर कथा का श्रवण किया और सामूहिक आरती में शामिल होकर संतान एवं परिवार की मंगलकामना की।
आयोजन को सफल बनाने में तीजबाई, बबली, सरस्वती, उमा, रजनी, दिलबाई, शीला, सिकन एवं दरहीन सहित महिलाओं का सहयोग रहा।
कमरछठ पर्व मध्यनारी, मौहारपारा और ठाकुरपारा में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया।
महिलाओं ने दिनभर पर्व की तैयारियों में भाग लेते हुए पारंपरिक पूजा-अनुष्ठान पूरे किए। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह और भक्तिमय माहौल रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















