सीतामणी-उरगा मार्ग को फोरलेन से जोड़ने लखनलाल ने गडकरी से की पहल

कोरबा। कोरबा शहर से उरगा तक बेहतर और सुगम आवागमन की दिशा में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने पहल की है। उन्होंने सीतामणी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर से उरगा तक करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन सड़क के रूप में विकसित कर भारतमाला परियोजना के सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी को पत्र लिखा है।

मंत्री देवांगन ने अपने पत्र में कहा है कि वर्तमान में सीतामणी क्षेत्र से उरगा की ओर जाने वाला मार्ग अपेक्षित रूप से बेहतर स्थिति में नहीं है, जबकि करीब 10 किलोमीटर आगे भारतमाला परियोजना की सड़क से कनेक्टिविटी उपलब्ध है। ऐसे में सीतामणी से उरगा तक बेहतर और व्यवस्थित संपर्क मार्ग तैयार होने से शहर को प्रमुख राष्ट्रीय सड़क नेटवर्क से सीधा लाभ मिल सकेगा।

शहर के प्रवेश मार्ग पर बढ़ता यातायात
मंत्री ने बताया कि यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण प्रवेश एवं आवागमन मार्गों में शामिल है। सरस्वती शिशु मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं नागरिक प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क की मौजूदा स्थिति और पर्याप्त कनेक्टिविटी के अभाव में स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों तथा वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सीतामणी से उरगा तक फोरलेन सड़क बनने और इसे भारतमाला परियोजना के प्रमुख मार्ग से जोड़ने से आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज होने की उम्मीद है। इससे शहर से बाहर जाने वाले वाहनों को बेहतर संपर्क मार्ग मिलेगा तथा यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

व्यापक जनहित का बताया मामला
कैबिनेट मंत्री देवांगन ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को लिखे पत्र में इस प्रस्ताव को व्यापक जनहित और क्षेत्र के विकास से जुड़ा विषय बताया है। उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन के क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री के प्रयासों से देशभर में सड़क नेटवर्क को मजबूती मिली है। इसी क्रम में कोरबा की इस महत्वपूर्ण मांग पर भी सकारात्मक पहल की उम्मीद है।

देवांगन को विश्वास है कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगा और सीतामणी-उरगा मार्ग के फोरलेन विकास की दिशा में जल्द आवश्यक पहल की जाएगी।