एचटीपीएस के स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक ग्रामीणों की जांच


विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, बीमारी से बचाव के बताए उपाय

कोरबा। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम द्वारा ग्राम पंचायत पंडरीपानी के आश्रित ग्राम बिरवट, बंचर और जटांगपुर  के ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। इस दौरान 100 से अधिक ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता (सिविल-परियोजना) एस.सी. पाठक विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों की जांच की तथा मौसम के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।

मौसमी बीमारियों से बचाव की दी सलाह
छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. शशिकांत भास्कर ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए उल्टी-दस्त जैसी जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए पानी उबालकर पीने की सलाह दी। उन्होंने टाइफाइड, मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए स्वच्छता बनाए रखने तथा मच्छरदानी के नियमित उपयोग पर जोर दिया।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. भारती पटेल ने महिलाओं को स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। वहीं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रेणु कौशिक ने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।

शिविर में डॉ. एस.सी. खरे एवं डॉ. श्वेतांबरी महंता ने भी ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। चिकित्सकों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एम.आर. स्नेही, अधीक्षण अभियंतागण, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार पटेल सहित एचटीपीएस के अधिकारी- कर्मचारी एवं चिकित्सा दल के सदस्यों ने सहयोग किया।

शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और समय पर स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई।