कटघोरा में एक और प्रतिमा विवाद, कलेक्टर से शिकायत

अटल जी की प्रतिमा के बाद अब छत्तीसगढ़ महतारी के प्रस्तावित स्थल पर निर्माण को लेकर उठे सवाल

कोरबा।कटघोरा में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर चल रहा विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ है कि अब छत्तीसगढ़ महतारी की प्रस्तावित प्रतिमा स्थल को लेकर नया विवाद सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के पास प्रस्तावित स्थल पर कथित निर्माण को लेकर वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद किशोर दिवाकर ने कलेक्टर से शिकायत की है।

शिकायत में बताया गया है कि नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के समीप छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव है।

आरोप है कि इसी स्थल पर किसी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने निर्माण कार्य को तत्काल रोकने तथा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

जनभावनाओं का हवाला देकर कार्रवाई की मांग
पार्षद किशोर दिवाकर ने शिकायत में कहा है कि प्रस्तावित प्रतिमा स्थल पर निर्माण से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है।

उन्होंने प्रशासन से स्थल की स्थिति स्पष्ट करने और यदि निर्माण नियम विरुद्ध पाया जाता है तो उसे हटाने की कार्रवाई करने की मांग की है।

वार्ड क्रमांक 2 एवं 7 के पार्षदों ने भी इस मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के लिए प्रस्तावित स्थल को लेकर किसी भी तरह की स्थिति उत्पन्न होने से पहले प्रशासन को मामले का निराकरण करना चाहिए।

शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की है। हालांकि निर्माण को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित निर्माण वैध है अथवा नियमों के विपरीत।