कमीशन के लालच में ठगों को सौंप दिया बैंक खाता, साइबर ठगी में दो गिरफ्तार

म्यूल अकाउंट बनाकर कर रहे थे साइबर अपराधियों की मदद, पुलिस ने दोनों खाताधारकों पर की कार्रवाई

कोरबा।साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक अकाउंट के खिलाफ कोरबा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। साइबर अपराधियों को कमीशन के बदले अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने के मामले में साइबर पुलिस ने दो खाताधारकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

साइबर सेल प्रभारी ललित चंद्रा के अनुसार अलग-अलग मामलों में बीएनएस की धारा 317(2) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने महेंद्र कुमार धीवर, निवासी मानस नगर और के. प्रभाकर राव, निवासी कृष्ण नगर, कोरबा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

कमीशन के बदले दिया बैंक खाता
पूछताछ में दोनों खाताधारकों द्वारा कथित तौर पर कमीशन के बदले अपने बैंक खाते अन्य लोगों को इस्तेमाल के लिए देने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से जुड़े लेन-देन के लिए किया गया।

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

म्यूल अकाउंट से सावधान रहने की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आसान कमाई या कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम, सिम कार्ड अथवा मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। साइबर अपराध में बैंक खाते का इस्तेमाल होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई की जद में आ सकता है।

पुलिस ने कहा कि बैंक खाते में किसी भी तरह का संदिग्ध लेन-देन दिखाई देने पर तत्काल संबंधित बैंक और पुलिस को इसकी सूचना दें। मामले की विवेचना अभी जारी है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।