स्मार्ट मीटर से बिगड़ रहा लोगों का घरेलू बजट : जयसिंह अग्रवाल

बिजली दरों में बढ़ोतरी पर पूर्व मंत्री ने सरकार को घेरा, स्मार्ट मीटर की प्रक्रिया वापस लेने की मांग

कोरबा। पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने स्मार्ट मीटर और बिजली दरों के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी जरूरत से जुड़ी सेवा का बढ़ता खर्च आम परिवारों के घरेलू बजट को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल वापस लेने तथा उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान करने की मांग की।

कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में लगातार वृद्धि की जा रही है। इसका सीधा असर मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार को जनहित को प्राथमिकता देते हुए बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।


400 यूनिट तक आधे बिल की योजना फिर शुरू करने की मांग
पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 400 यूनिट तक आधे बिजली बिल की योजना से बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी। भाजपा सरकार ने इस योजना को समाप्त कर दिया है, जिससे परिवारों पर बिजली बिल का अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है।

उन्होंने मांग की कि सरकार इस योजना को फिर से लागू करे, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

स्मार्ट मीटर पर पारदर्शिता की मांग
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में कई तरह की शंकाएं और आशंकाएं हैं। सरकार को पहले इनका समाधान करना चाहिए। जब तक उपभोक्ताओं के बीच स्मार्ट मीटर को लेकर पूरी पारदर्शिता और विश्वास कायम नहीं होता, तब तक सरकार को आगे बढ़ने से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी और जनहित से जुड़े इस विषय को मजबूती से उठाया जाएगा।

इस दौरान रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया,पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर,जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, रवि चंदेल, नारायण कुरें,पालुराम साहू,कुसुम द्विवेदी,अर्चना उपाध्याय, सपना चौहान सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।