सरस्वती साइकिल योजना से 43 छात्राओं को मिली साइकिल, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कोरबा। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मिशन रोड में शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत साइकिल एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा नवमी में प्रवेश लेने वाली 43 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। वहीं हाई एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोहड़िया वार्ड के पार्षद नरेंद्र देवांगन ने छात्राओं को साइकिल वितरित की। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद युगल किशोर ,भाजपा नेता योगेश मिश्रा एवं सुकेश दलाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
कार्यक्रम में नरेंद्र देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने वाली सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को काफी लाभ मिल रहा है। विद्यालय भवन और सुविधाओं के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता तथा परीक्षा परिणाम में भी बेहतर प्रदर्शन होना चाहिए।

मेधावी विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि
वार्ड पार्षद युगल किशोर केवट ने हाई एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी एवं विद्यालय की पूर्व शिक्षिका की स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से पिछले कई वर्षों से मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने इस परंपरा को आगे भी जारी रखने की बात कही।

विद्यालय परिवार की ओर से शिक्षकों ने कहा कि बालिका शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं से छात्राओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक- शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।