18 जुलाई को ‘रन फॉर ग्रीन मैराथन’, हरित कोरबा के संकल्प के लिए दौड़ेगा शहर

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

कोरबा।पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक “रन फॉर ग्रीन मैराथन” का आयोजन किया जाएगा। इस जनअभियान के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार मैराथन का शुभारंभ घंटाघर मैदान से होगा और समापनडॉ.भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसके बाद “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत घंटाघर से पूर्वी रिंग रोड स्थित शुक्ला नगर मेन रोड तक वृक्षारोपण किया जाएगा। साथ ही आगामी 60 दिनों तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान भी चलाया जाएगा।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के सभी नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण प्रेमियों से मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने सभी से इस जनअभियान का हिस्सा बनकर हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-संरक्षित कोरबा के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।