SECL कर्मचारी और CISF जवान से मारपीट कर तांबे का केबल व मोबाइल लूटने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा
कोरबा। एसईसीएल (SECL) गेवरा माइंस के बैकअप ऑफिस में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों द्वारा की गई लूटपाट के मामले में दीपका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
10-12 हथियारबंद बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार 7 जुलाई की रात करीब 11 बजे 10 से 12 नकाबपोश बदमाश गेवरा माइंस के बैकअप ऑफिस में घुस गए। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात एसईसीएल कर्मचारी जगन्नाथ पटेल को बंधक बनाकर उनका मोबाइल फोन लूट लिया और कार्यालय में रखे कीमती तांबे के केबल वायर को समेटने लगे।
विरोध करने पर CISF जवान से मारपीट
घटना का विरोध करने पर वहां मौजूद CISF जवान मिथुन एम के साथ बदमाशों ने मारपीट की और उनका सैमसंग S-22 मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी और साक्ष्य बरामद
मामले की जांच के दौरान दीपका पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों मेंअरुण चौहान उर्फ ददू (23 वर्ष), निवासी ग्राम रालिया,सरजू प्रसाद चौहान (39 वर्ष), निवासी ग्राम रालिया,रोहित यादव (18 वर्ष), निवासी ग्राम रालियाशामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
उनकी निशानदेही पर केबल बेचने से प्राप्त नकदी और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चार आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर
पुलिस के अनुसार इस लूटकांड में शामिल रोशन यादव, भानु विश्वकर्मा, किरण चौहान और भागवत कुशरे अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के पूरे नेटवर्क और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

