ट्रेन विस्तार से सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को मिलेगी सीधी रेल सुविधा
कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा रेल सेवाएं अधिक सुविधाजनक बनेंगी।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में यह ट्रेन शहडोल रेलवे स्टेशन पर लगभग सात घंटे तक खड़ी रहती है। इस समय का बेहतर उपयोग करते हुए ट्रेन का संचालन मनेंद्रगढ़ तक बढ़ाया जा सकता है। इससे रेलवे संसाधनों का प्रभावी उपयोग होने के साथ यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा भी उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ और एमसीबी जिले के लोग लंबे समय से इस ट्रेन के विस्तार की मांग कर रहे हैं। यदि ट्रेन को मनेंद्रगढ़ तक संचालित किया जाता है तो यात्रियों को नागपुर और मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
सांसद ज्योत्सना महंत ने अपने पत्र में यह भी कहा कि ट्रेन विस्तार से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन आसान होगा, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने रेल मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

