दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को रौंदा,सगे भाई-बहन की मौत,एक गंभीर

आक्रोशित ग्रामीणों ने 2 घंटे किया चक्काजाम, मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था की मांग

कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी बस स्टैंड के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चे तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आ गए।

हादसे में सगे भाई-बहन सहित दो बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने अंबिकापुर-कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कोनकोना बस्ती (गोस्वामी पारा) निवासी 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी और 12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी अपने एक अन्य साथी के साथ स्कूटी से पोड़ी बस स्टैंड सामान लेने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में बूटी गोस्वामी और दशरथ गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि तीसरे बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दो मासूम बच्चों की मौत से गुस्साए लोगों ने मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए अंबिकापुर-कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलने पर बांगो थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद तहसीलदार ने मृतक दोनों बच्चों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।

पुलिस ने हादसे में शामिल टैंकर को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।

ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि पोड़ी बस स्टैंड के आसपास तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।

उन्होंने दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था करने की मांग की है।

एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से कोनकोना बस्ती में शोक की लहर है। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।