67 वार्डों में सड़क, नाली, पेयजल और गौरव पथ सहित कई बड़ी परियोजनाओं की जानकारी, आगामी योजनाओं का भी किया खुलासा
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में अपने 16 माह के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए निगम क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, स्वीकृत परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि शहर के सभी 67 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए अब तक 537 करोड़ 434 लाख रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है।
महापौर ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में 76 विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 149 कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 209 कार्यों का शुभारंभ जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने जानकारी दी कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत सभी 67 वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के लिए 115 कार्यों पर 36 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है तथा इनकी निविदा प्रक्रिया जारी है।
महापौर ने शहर की बहुप्रतीक्षित गौरव पथ परियोजना का उल्लेख करते हुए बताया कि जैन चौक से आईटीआई चौक होते हुए कोसाबाड़ी चौक तक लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य इसी माह शुरू होगा। वहीं कोसाबाड़ी चौक-घंटाघर-सीएसईबी चौक से सुनालिया पावर हाउस रोड तक डामरीकरण का टेंडर पूरा हो चुका है और बारिश समाप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से शहर की प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार एवं डामरीकरण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।
पत्रकार वार्ता में महापौर ने अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी जानकारी दी। इनमें सुनालिया ओवरब्रिज से अग्रसेन चौक तक 22 करोड़ रुपये की लागत से सड़क एवं पुल निर्माण, सर्वमंगला पुल से दर्री डैम तक फोरलेन सड़क, कोसाबाड़ी चौक से रिसदी चौक तक 36 करोड़ रुपये की सड़क तथा आईटीआई चौक रामपुर से बालको चेकपोस्ट रेलवे फाटक तक 36 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के समग्र एवं दीर्घकालिक विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी समय में इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।


Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

