पाली में खिला दुर्लभ ब्रह्मकमल, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

कोरबा-पाली। नगर पंचायत पाली के दुर्गा पंडाल के समीप निवासी रमेश डिक्सेना के घर दुर्लभ ब्रह्मकमल का फूल खिलने से पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बन गया। जैसे ही परिवार को ब्रह्मकमल के खिलने की जानकारी मिली, घर में दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई।

परिवार के सदस्यों ने इसे भगवान की विशेष कृपा और शुभ संकेत बताते हुए स्वयं को सौभाग्यशाली बताया। ब्रह्मकमल के खिलने की खबर फैलते ही आसपास के मोहल्लों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे।

महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने श्रद्धापूर्वक ब्रह्मकमल के दर्शन कर परिवार और नगर की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की। कई लोगों ने इस दुर्लभ क्षण को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया। देर रात तक श्रद्धालुओं का घर पर आना-जाना लगा रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार ब्रह्मकमल का खिलना अत्यंत शुभ और आध्यात्मिक महत्व का प्रतीक माना जाता है। इसकी मनमोहक सुंदरता और सुगंध ने सभी को आकर्षित किया।

श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे दुर्लभ और पवित्र पुष्प के दर्शन जीवन में बहुत कम अवसरों पर होते हैं और इसे ईश्वर के आशीर्वाद का प्रतीक माना जाता है।