समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, खाद वितरण और केसीसी में तेजी लाने के निर्देश
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में किसानों को खाद उपलब्ध कराने, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरण, राहत प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा विभागीय कार्यों में समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जिले में खाद भंडारण एवं वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उप पंजीयक, सहकारिता को किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने नोडल सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरण में भी तेजी लाने को कहा।
वन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने हाथी हमले में मृतकों के परिजनों तथा फसल क्षति से प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि के वितरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर प्रभावित परिवारों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर ने सर्पदंश, पानी में डूबने, आकाशीय बिजली सहित अन्य प्राकृतिक एवं आकस्मिक घटनाओं में मृत्यु होने पर पात्र आश्रितों को तत्काल राहत राशि प्रदान करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस पोर्टल पर ऑनबोर्ड करने तथा सभी विभागों को लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, सहायक कलेक्टर तरुण कुमार किरण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

