अवैध रेत परिवहन और भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा

चार ट्रैक्टर जब्त, आठ स्थानों पर भंडारण की जांच, नियमों के पालन की दी चेतावनी

कोरबा। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इसके साथ ही आठ स्थानों पर स्वीकृत रेत भंडारण स्थलों का औचक निरीक्षण कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान करतला क्षेत्र में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर तथा विजयनगर और मुंगाडीह में अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए करतला एवं दीपका थाना के सुपुर्द कर दिया गया।

इसी अभियान के तहत कुदमुरा, कसरेंगा, धवईपुर, चुईया, छुरीखुर्द, गीतारी और बरबसपुर सहित आठ स्थानों पर स्वीकृत रेत भंडारण स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान भंडारणकर्ताओं को सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचने की हिदायत दी गई।

खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि खान एवं खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।