कोरबा।पम्प हाउस कॉलोनी क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों और गुंडागर्दी के आरोपों के चलते आदतन अपराधी हरीश राव के विरुद्ध अब जिलाबदर की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। कोरबा पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा एवं लोक सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 3 एवं 5 के तहत जिलाबदर का प्रस्ताव तैयार कर जिला दंडाधिकारी को भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार हरीश राव के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित कुल 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा उसके विरुद्ध 12 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। उसे पूर्व में गुंडा बदमाश के रूप में भी सूचीबद्ध किया जा चुका है।
हाल ही में सीएसईबी क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना में भी उसकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस का मानना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए यह कदम आवश्यक है।
पुलिस ने बताया कि सीएसईबी मारपीट प्रकरण के अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जिन आरोपियों का आपराधिक इतिहास गंभीर पाया जाएगा, उन्हें गुंडा सूची एवं निगरानी बदमाश के रूप में दर्ज कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और अराजक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को हर हाल में सुधारना होगा, अन्यथा उनके विरुद्ध उपलब्ध सभी कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

