KORBA: स्कूल बना तालाब, कक्षाओं में घुसा पानी; जलभराव से ठप हुई पढ़ाई

चाकाबुड़ा विद्यालय की बदहाल व्यवस्था पर भाजपा नेता राजेश यादव ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, स्थायी समाधान की मांग

कोरबा/चाकाबुड़ा। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कटघोरा विकासखंड के ग्राम चाकाबुड़ा स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। विद्यालय परिसर जलमग्न हो गया है और कई कक्षाओं में बारिश का पानी भर जाने से पढ़ाई-लिखाई बाधित हो गई है। पूरा परिसर किसी तालाब जैसा नजर आ रहा है, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जलभराव के कारण छोटे-छोटे बच्चों को पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। कक्षाओं में पानी भर जाने से विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक राजेश यादव ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई है।

उन्होंने मांग की है कि विद्यालय परिसर से तत्काल वर्षा जल की निकासी कराई जाए, परिसर का आवश्यकतानुसार ऊंचाईकरण कराया जाए तथा भविष्य में जलभराव रोकने के लिए सुनियोजित ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए।

ज्ञापन के साथ जलभराव की तस्वीरें और संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं। इसकी प्रतिलिपि एसडीएम कटघोरा और खंड शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई है।

ग्रामीणों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में भी विद्यालय का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके।