कोतवाली और कटघोरा थाना प्रभारी बदले, 7 पुलिस अधिकारियों-कर्मियों का तबादला

कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से जिले के पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए सात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार सभी को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के तहत कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल को कटघोरा थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों प्रमुख थानों के प्रभारियों की अदला-बदली को पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।

इसके अलावा निरीक्षक मनोज कौशिक को रक्षित केंद्र कोरबा से थाना पाली संबद्ध किया गया है। उप निरीक्षक शिवकुमार कोसरिया को रक्षित केंद्र से सिविल लाइन रामपुर भेजा गया है।

वहीं सहायक उप निरीक्षक धनंजय जाटवर का तबादला बालकोनगर थाना से सिविल लाइन रामपुर किया गया है।

सहायक उप निरीक्षक अनिल खाण्डे को सिविल लाइन रामपुर से पुलिस चौकी मुनिनिकुंज (मानिकपुर) पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही प्रधान आरक्षक शनि कुमार कुंडू को रक्षित केंद्र कोरबा से बालकोनगर थाना भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिले के पुलिस महकमे में हुए इस बदलाव को लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है।