सिंधु भवन में चोरी की कोशिश नाकाम,पकड़े जाने के डर से छज्जे से कूदा आरोपी,रेलिंग समेत मलबा XUV 300 पर गिरा,आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। शहर के पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित सिंधी कॉलोनी में शुक्रवार देर रात चोरी की कोशिश के दौरान एक हैरतअंगेज घटनाक्रम सामने आया। सिंधी समाज के सिंधु भवन में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक ने पकड़े जाने के डर से छज्जे से छलांग लगा दी। इस दौरान छज्जा रेलिंग सहित टूटकर नीचे खड़ी एक कार पर गिर गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे कान्हा दास महंत अपने कुछ साथियों के साथ सिंधु भवन पहुंचा था। आरोप है कि वह भवन में चोरी करने के उद्देश्य से छज्जे के रास्ते भीतर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति की नजर उस पर पड़ गई और उसने शोर मचा दिया।

खुद को घिरता देख आरोपी घबरा गया और भागने के प्रयास में छज्जे से नीचे कूदने लगा। इसी दौरान छज्जा और उसकी रेलिंग भरभराकर टूट गई। भारी मलबा नीचे खड़ी XUV 300 कार पर गिरा, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

मौके पर जुटे लोगों ने आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कान्हा दास महंत क्षेत्र का सक्रिय चोर है और अपने 4-5 साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि वह पूर्व में भी कई चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है, लेकिन उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उसकी गतिविधियां जारी हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि यह गिरोह नशे की लत पूरी करने के लिए मंदिरों, सामाजिक भवनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों को निशाना बनाता है।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी से सघन पूछताछ कर उसके फरार साथियों की भी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाए, ताकि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।