दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र में पाली रोड स्थित शराब दुकान को तहसील रोड एवं गोवरघोरा वार्ड क्रमांक-1 में स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का स्थानीय स्तर पर तीखा विरोध शुरू हो गया है। वार्ड क्रमांक-1 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने इस निर्णय पर आपत्ति जताते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
पार्षद जायसवाल ने अपने ज्ञापन में कहा है कि वार्ड-1 एवं तहसील रोड क्षेत्र घनी आबादी वाला इलाका है, जहां शराब दुकान खुलने से कानून-व्यवस्था और सामाजिक वातावरण प्रभावित हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, जिससे स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रस्तावित स्थानांतरण का विरोध करते हुए बताया कि क्षेत्र में कई शैक्षणिक संस्थान, धार्मिक स्थल और रिहायशी कॉलोनियां स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में शराब दुकान संचालित होने से सामाजिक और पारिवारिक वातावरण प्रभावित होने की संभावना है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब दुकान को आबादी, स्कूलों और धार्मिक स्थलों से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर ही संचालित किया जाए।
पार्षद कमलेश जायसवाल ने आपत्ति पत्र की प्रतिलिपि दीपका तहसीलदार एवं नगर पालिका परिषद दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को भी भेजी है।
इस मुद्दे को लेकर क्षेत्रवासियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है और प्रशासन पर निर्णय पर पुनर्विचार करने का दबाव बन रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

