अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस पर यात्रियों और नागरिकों को दिए गए सुरक्षा संदेश
कोरबा।अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर रेलवे द्वारा चलाए जा रहे साप्ताहिक जागरूकता अभियान के तहत कोरबा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी साकेत रंजन के निर्देशन में संचालित किया गया।
इस दौरान संरक्षा विभाग, परिचालन विभाग, विद्युत (परिचालन), रेलवे सुरक्षा बल तथा इंजीनियरिंग विभाग की संयुक्त टीम ने समपार फाटक संख्या सीजी-24 (भिलाई फाटक), सीजी-19 (पताढी फाटक), कोरबा एवं उरगा रेलवे स्टेशन में विशेष जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के तहत आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं यात्रियों को समपार फाटक पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे केवल फाटक खुला होने पर ही रेलवे क्रॉसिंग पार करें तथा बंद फाटक के नीचे या किनारे से निकलने जैसे जोखिमपूर्ण प्रयास न करें।
रेलवे टीम ने बताया कि इस प्रकार की लापरवाही न केवल स्वयं के लिए बल्कि परिवार और अन्य लोगों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यात्रियों और नागरिकों को संरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि समपार फाटकों पर सतर्कता और नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। इसी उद्देश्य से जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

