पुरानी पेंशन, नियमितीकरण और वेज रिवीजन सहित कई मांगों को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन के बैनर तले कोरबा-पश्चिम (उत्पादन) मुख्यालय में कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘ढोल बजाओ, प्रबंधन जगाओ’ अभियान के तहत आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में नियमित, संविदा और ठेका कर्मचारी शामिल हुए।
कर्मचारियों ने मुख्यालय परिसर में पैदल रैली निकालते हुए ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के माध्यम से अपनी मांगों की ओर प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शन के बाद आयोजित आमसभा में यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार और प्रबंधन पर कर्मचारियों की समस्याओं की लगातार उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
यूनियन की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, ठेका प्रथा की समाप्ति, प्रीमियम रहित कैशलेस चिकित्सा सुविधा, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, 1 अप्रैल 2026 से लंबित वेज रिवीजन के लिए समिति का गठन तथा कोरबा में निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार देना शामिल है।
आमसभा के पश्चात प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी, मुख्य अतिथि पी.के. पाठक और केंद्रीय पर्यवेक्षक ए.जे. सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत कंपनी के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के नाम मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने कहा कि कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा करने में लगातार देरी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मुख्य अतिथि पी.के. पाठक ने कहा कि प्रबंधन की उदासीनता के कारण कर्मचारियों को प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत कंपनियों में छह हजार से अधिक रिक्त पदों का उल्लेख करते हुए कहा कि भर्ती नहीं होने से उत्पादन और वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
केंद्रीय पर्यवेक्षक ए.जे. सिंह ने कहा कि ढोल बजाना केवल एक प्रतीक है, जबकि वास्तविकता यह है कि कर्मचारी स्वयं को उपेक्षित और शोषित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना की बहाली को कर्मचारियों की सबसे महत्वपूर्ण मांग बताया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

