विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारीज ने दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, आध्यात्मिक मूल्यों और प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी प्रसन्ना सोनकर, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, परिवहन नगर वार्ड की पार्षद प्रेमलता बंजारे, ब्रह्माकुमारी बी.के. रुकमणी एवं बी.के. बिंदु उपस्थित रहीं। अतिथियों का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया।
मुख्य अतिथि प्रसन्ना सोनकर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पृथ्वी का संतुलन प्रभावित हो रहा है। यदि समय रहते सभी लोग जागरूक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सभी से पर्यावरण की रक्षा और प्रदूषण नियंत्रण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि प्रकृति मानव जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना सतत विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। वहीं पार्षद प्रेमलता बंजारे ने स्वच्छ एवं हरित समाज के निर्माण में जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
ब्रह्माकुमारी रुकमणी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यावरण की शुद्धता का सीधा संबंध मानव के विचारों की शुद्धता से है। कार्यक्रम के दौरान बी.के. सूरज ने प्रकृति संरक्षण पर आधारित प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

