सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर सब्जी विक्रेताओं में नाराजगी, वैकल्पिक व्यवस्था और चरणबद्ध निर्माण पर बनी बात
कोरबा। बांकीमोंगरा मुख्य मार्ग किनारे स्थित डेली सब्जी मार्केट में सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास कार्य के लिए बुलडोजर चलाने की तैयारी का सब्जी व्यापारियों ने विरोध किया। व्यापारियों को आशंका थी कि पूरी मार्केट उजाड़ दी जाएगी, जिससे उनका रोजगार प्रभावित होगा।
क्षेत्र के भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा के नेतृत्व में सब्जी व्यापारियों ने बाजार परिसर में प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई का विरोध जताया। इस दौरान बाजार में गहमागहमी का माहौल बन गया। कई स्थानीय व्यापारियों ने भी सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में आवाज उठाई।
व्यापारियों का कहना था कि यदि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानों और अस्थायी ढांचों को हटाया गया तो उनके रोजगार पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि डेली सब्जी मार्केट का विकास दो चरणों में किया जाए, ताकि व्यापार भी प्रभावित न हो और निर्माण कार्य भी चलता रहे।
सूचना मिलने पर बांकीमोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में तहसीलदार और नगर पालिका के सीएमओ ने व्यापारियों के साथ चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि बाजार का सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित निर्माण आम जनता और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
लंबी चर्चा के बाद प्रशासन और व्यापारियों के बीच सहमति बनी कि पहले 70 प्रतिशत हिस्से में निर्माण और व्यवस्थापन कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद शेष 30 प्रतिशत हिस्से में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस प्रस्ताव पर अधिकांश व्यापारियों ने सहमति जताई, जिसके बाद विवाद शांत हुआ।
नगर प्रशासन ने कहा कि हटरी बाजार को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए यह कार्य किया जा रहा है।
वहीं व्यापारियों ने रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखते हुए विकास कार्य में सहयोग देने की बात कही।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

