तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर, 10 वर्षीय मासूम समेत दो घायल; भीड़ ने की वाहन में तोड़फोड़

कोरबा। बुधवार देर रात मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बायपास मार्ग पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने कहर बरपा दिया। पेट्रोल पंप के पास बोलेरो ने एक एक्टिवा और बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 10 वर्षीय मासूम समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो की रफ्तार बहुत तेज थी। चालक अचानक सामने आए वाहनों को संभाल नहीं पाया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा सवार मासूम उछलकर दूर जा गिरा। बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायलों की हालत देखकर लोग आक्रोशित हो गए और बोलेरो वाहन में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ को शांत कराया।

पुलिस ने बोलेरो वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो में एनसीसी कैडेट्स के जवान सवार थे। उन्होंने सड़क के दोनों तरफ बेतरतीब खड़े वाहनों और अतिक्रमण को हादसों का कारण बताया तथा प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।