कोरबा। रेल यात्रियों के लिए सफर को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध बनाने की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है।
चांपा-गेवरारोड सेक्शन के महत्वपूर्ण मड़वारानी स्टेशन पर अतिरिक्त लूप लाइन अप और डाउन की कमीशनिंग का काम पूरा कर लिया गया है।
पैसेंजर ट्रेनों की लेटलतीफी से मिलेगी राहत
मुख्य रेल मार्ग पर किसी सुपरफास्ट या एक्सप्रेस ट्रेन को रास्ता देने (क्रॉसिंग) के लिए पैसेंजर ट्रेनों या मालगाड़ियों को आउटर या पिछले स्टेशनों पर घंटों खड़ा कर दिया जाता है। मड़वारानी स्टेशन पर हुए इस अपग्रेडेशन के बाद अब यात्रियों को इस तरह की लेटलतीफी से बड़ी राहत मिलने वाली है।
जापान की अत्याधुनिक सिग्नलिंग तकनीक
मड़वारानी स्टेशन के इस कायाकल्प की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित की गई अत्याधुनिक सिग्नलिंग और सेफ्टी सिस्टम है। रेलवे ने अब पारंपरिक पैनल इंटरलॉकिंग को पूरी तरह अलविदा कह दिया है। जापान की इस विश्वप्रसिद्ध तकनीक के आने से अब ट्रेनों का रूट सेट करने और सिग्नल देने का पूरा काम कंप्यूटर आधारित हो गया है। इससे मानवीय चूक की संभावना पूरी तरह खत्म हो जाती है।
ऑस्ट्रियाई तकनीक पर आधारित डिजिटल एक्सल काउंटर
ऑस्ट्रियाई तकनीक पर आधारित मल्टी-सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर सिस्टम को ट्रैक पर लगाया गया है। अब अगर इस रूट पर पीछे से कोई सुपरफास्ट या एक्सप्रेस ट्रेन आ रही है, तो लोकल पैसेंजर या मालगाड़ी को किसी दूर के स्टेशन पर रोकने की जरूरत नहीं होगी। मड़वारानी की अतिरिक्त लूप लाइनों पर उन्हें खड़ा कर एक्सप्रेस को तुरंत रास्ता दे दिया जाएगा, जिससे सभी ट्रेनें अपने सही समय पर चलेंगी।
कोयला ढुलाई और यात्री परिवहन के लिए अहम सेक्शन
चांपा-गेवरारोड सेक्शन कोयला ढुलाई और यात्री परिवहन दोनों के लिहाज से बेहद व्यस्त रूट है। मड़वारानी में कैपेसिटी बढ़ने से पूरे सेक्शन पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और गाड़ियों की रफ्तार सुधरेगी।
टक्करों की संभावना पूरी तरह खत्म
अत्याधुनिक सिग्नलिंग और डिजिटल एक्सल काउंटर यह सुनिश्चित करते हैं कि जब तक एक ट्रैक पूरी तरह खाली न हो, दूसरी ट्रेन को उस पर हरी झंडी (सिग्नल) मिल ही नहीं सकती। आमने-सामने या पीछे से होने वाली टक्करों की संभावना पूरी तरह खत्म हो जाती है।
रेल फ्रैक्चर का खतरा न के बराबर
नई पटरियों और फिश प्लेट मुक्त ट्रैक के कारण भविष्य में रेल फ्रैक्चर का खतरा न के बराबर रहेगा। इससे अचानक लगने वाले इमरजेंसी ब्लॉक और उनके कारण होने वाली ट्रेनों की देरी से यात्रियों को मुक्ति मिल जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

